मुम्बाई पुलिस ने किया KRK को एयरपोर्ट से गिरफ्तार, जानिए क्या है पूरा मामला
खुद को फिल्म क्रिटिक बताने वाले कमाल राशिद कुमार को हाल ही में मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। खान से कुमार बने कमाल को दो साल पुराने केस में गिरफ्तार किया गया है। ये कार्रवाई 2020 के एक विवादित ट्वीट पर की गई। बता दें कि दो साल बाद कमाल मुंबई लौटे हैं। उन्हें एयरपोर्ट से हिरासत में लिया गया था। वहीं पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्हें बोरीवली कोर्ट में पेश किया जाएगा।
केआरके ने दिवगंत अभिनेता ऋषि कपूर और इरफान खान पर आपत्तिजनक ट्वीट किए थे। कमाल पर 2020 में युवा सेना की कोर कमेटी ने मलाड पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज करवाई थी। कमेटी के मेंबर राहुल कनल ने कमाल पर ऐसे ट्वीट करने के आरोप लगाए थे। इस मामले में पुलिस ने कमाल के खिलाफ सेक्शन 294 के तहत मामला दर्ज किया था।
इरफान और ऋषि के गुजर जाने पर कही थी ये बात: केआरके अक्सर अपने विवादित ट्वीट्स को लेकर चर्चा में आ जाते हैं। वो आए दिन सेलेब्स को लेकर टिप्पणी करते रहते हैं। इसके चलते कई बार उनके खिलाफ केस किया जाता है। साल 2020 में उन्होंने इरफान खान और ऋषि कपूर के गुजर जाने के बाद ट्वीट किए थे। इस ट्वीट को उन्होंने बेहद ही असंवेदनशील ढंग से लिखा था।
केआरके ने लिखा था- मैंने कुछ दिन पहले ही कहा था कि कोरोना तब तक नहीं जाएगा जब तक ये अपने साथ कुछ फेमस लोगों के नहीं ले जाता। तब मैंने नाम नहीं लिखे थे क्योंकि लोग मुझे गालियां देते, लेकिन मैं पहले से जानता था कि ऋषि और इरफान जाएंगे। मुझे ये भी पता है कि अगला नंबर किसका आने वाला है। उनके इस ट्वीट पर उस वक्त काफी विवाद हुआ था।
केआरके की गिरफ्तारी से बेहद खुश हैं राहुल: इसके बाद केआरके ने एक और ट्वीट किया था। उन्होंने लिखा- ऋषि कपूर को एचएन रिलायंस अस्पताल में भर्ती किया गया है। मैं दुआ कर रहा हूं कि वो जल्दी से ठीक हो जाएं। मैं उनसे कहना चाहता हूं- सर जल्दी से ठीक होकर वापस आना। निकल मत लेना। क्योंकि दारू की दुकान बस 2-3 दिन बाद खुलने ही वाली है। बता दें कि 29 अप्रैल को इरफान खान ने इस दुनिया को अलविदा कहा था। वहीं अगले ही दिन 30 अप्रैल को ऋषि भी इस दुनिया से चले गए थे।
केआरके के इन विवादित ट्वीट्स के चलते उन पर FIR दर्ज की गई थी। अब पुलिस ने इस मामले में एक्शन भी ले लिया है। कमाल की गिरफ्तारी पर राहुल ने बयान भी जारी किया है। उन्होंने लिखा- मेरी शिकायत के बाद कमाल की गिरफ्तारी हुई है। मैं मुंबई पुलिस के इस काम की सराहना करता हूं और उन्हें धन्यवाद देता हूं। मुंबई पुलिस ने इस गिरफ्तारी से ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ा संदेश भेजा है।
ऐसा पहली बार नहीं है जब केआरके का कोई विवादित ट्वीट सामने आया हो। तमाम आलोचनाओं के बाद भी वो ट्वीट करने से बाज नहीं आते हैं। हाल ही में उन्होंने फिल्म लाइगर को लेकर ट्वीट किया था। उनका कहना था कि ये फिल्म डिजास्टर साबित होगी। साथ ही कहा था कि करण जौहर बर्बाद हो जाएंगे। इसके अलावा पिछले साल वो सलमान खान पर टिप्पणी करने को लेकर चर्चा में आ गए थे। सलमान खान ने उन पर मानहानि का केस दर्ज करवाया था। इस पर कमाल का कहना था कि उन्होंने फिल्म राधे का निगेटिव रिव्यू लिखा था इसलिए ऐसा हुआ है।